Chhattisgarh News

IIT Bhilai Convocation 2026: छठे दीक्षांत समारोह में 313 छात्रों को मिलेगी डिग्री, पेन ड्राइव में दी जाएगी डिजिटल उपाधि

CG News (भिलाई): IIT Bhilai Convocation 2026 की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। आईआईटी भिलाई का छठा दीक्षांत समारोह 24 अक्टूबर को संस्थान परिसर के नालंदा हॉल में होगा। इसमें 313 विद्यार्थियों को अलग-अलग पाठ्यक्रमों की उपाधियां दी जाएंगी।

डॉ वीके सारस्वत होंगे मुख्य अतिथि

समारोह में डॉ विजय कुमार सारस्वत मुख्य अतिथि होंगे। वे नीति आयोग के पूर्व सदस्य, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (DRDO) के पूर्व सचिव और रक्षा मंत्री के पूर्व वैज्ञानिक सलाहकार रह चुके हैं। समारोह की अध्यक्षता आईआईटी भिलाई बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो वीरेंद्र कुमार विजय करेंगे।

किसे मिलेगी कौन सी डिग्री?

  • पीएचडी: 19
  • एमएससी: 37
  • एमटेक: 79
  • बीटेक ऑनर्स: 8
  • बीटेक: 170
  • कुल: 313 विद्यार्थी

टॉपर्स को मिलेंगे स्वर्ण पदक

सबसे ज्यादा सीजीपीए हासिल करने वाले बीटेक छात्र को संस्थान स्वर्ण पदक दिया जाएगा। पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीटेक और एमटेक विद्यार्थियों को निदेशक स्वर्ण पदक मिलेगा। उत्कृष्ट छात्रा को भी निदेशक स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।

पेन ड्राइव में मिलेगी डिजिटल डिग्री

आईआईटी भिलाई डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए डिजिटल डिग्री प्रमाणपत्र देने की पहल आगे बढ़ा रहा है। अधिकृत हस्ताक्षरकर्ताओं के डिजिटल हस्ताक्षर वाली डिग्रियां छात्रों को पेन ड्राइव के जरिए दी जाएंगी।

2030 तक 3 हजार छात्रों का लक्ष्य

संस्थान के निदेशक राजीव प्रकाश के मुताबिक, अभी आईआईटी भिलाई में करीब 1,850 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। साल 2030 तक यह संख्या 3,000 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके लिए शिक्षा, शोध और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। आईटी पार्क फेज-B समेत संस्थान के विस्तार से शोध, नवाचार और रोजगार के नए मौके बनने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: शिक्षा से जुड़ी खबरें | दुर्ग-भिलाई समाचार

वेबसाइट लिंक: आईआईटी भिलाई आधिकारिक वेबसाइट

Related Articles

Back to top button