Chhattisgarh NewsExclusive

Bhitar Raini Bastar Dussehra: आधी रात ‘चोरी’ हुआ 8 चक्कों का विजय रथ, 600 साल पुरानी अनोखी परंपरा फिर हुई जीवंत

जगदलपुर। दुनिया के सबसे लंबे पर्वों में गिने जाने वाले 75 दिनों के बस्तर दशहरा की प्रमुख रस्म ‘भीतर रैनी’ बुधवार की देर रात पूरे विधि-विधान से निभाई गई। इस रस्म में आदिवासी ग्रामीणों के हाथों से बना 8 चक्कों का विशालकाय विजय रथ शहर में घुमाया गया और फिर आधी रात उसे ‘चुरा’ लिया गया।

क्या है भीतर रैनी की रस्म?

इस रस्म में बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के छत्र को विजय रथ पर रखकर शहर की परिक्रमा कराई जाती है। आधी रात को माड़िया जाति के लोग इस रथ को चुराकर मंदिर से करीब 4 किलोमीटर दूर कुम्हड़ाकोट के जंगल में ले जाते हैं। लगभग 600 साल से चली आ रही इस परंपरा को बस्तर के आदिवासी आज भी पूरी श्रद्धा से निभाते हैं।

राजा से नाराजगी से जुड़ी है कहानी

मान्यता है कि राजशाही के दौर में राजा से असंतुष्ट माड़िया जाति के लोगों ने रथ को चुराकर जंगल में छिपा दिया था। तब राजा विजयदशमी के अगले दिन कुम्हड़ाकोट पहुंचे, ग्रामीणों को मनाया और उनके साथ नए चावल की खीर यानी ‘नवाखानी’ खाई। इसके बाद रथ को शाही अंदाज में वापस जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर लाया गया। इसी रस्म को ‘बाहर रैनी’ कहा जाता है।

आज होगी बाहर रैनी की रस्म

गुरुवार को बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव नाराज ग्रामीणों को मनाने कुम्हड़ाकोट पहुंचेंगे। वहां नवाखानी की रस्म निभाने के बाद विशालकाय रथ को दंतेश्वरी मंदिर परिसर में वापस लाया जाएगा।

हजारों आदिवासी खींचते हैं रथ

इस रस्म की सबसे खास बात यह है कि हजारों आदिवासी कुम्हड़ाकोट पहुंचते हैं और रथ को खींचकर करीब 4 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए दंतेश्वरी मंदिर के सामने लाते हैं। रथ परिक्रमा की इस आखिरी रस्म को देखने के लिए हर साल जनसैलाब उमड़ता है।

राष्ट्रपति के दौरे से और खास

इस बार बस्तर दशहरा इसलिए भी खास है, क्योंकि 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खुद मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुंच रही हैं।

ये भी पढ़ें: बस्तर दशहरा की और रस्में | जगदलपुर समाचार

Related Articles

Back to top button