Chhattisgarh NewsExclusive

Dalli Rajhara Bear Video: बालोद की माइंस में एक साथ दिखे 3 भालू, कर्मचारियों में दहशत, वन विभाग ने जारी की अपील

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा माइंस एरिया में एक साथ तीन भालू (Dalli Rajhara Bear Video) दिखाई देने से कर्मचारियों में दहशत फैल गई है। माइंस में काम कर रहे कर्मचारियों ने भालुओं की मौजूदगी का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग को खबर दी गई।

वन विभाग ने कहा- भालुओं के पास न जाएं

दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष ठाकुर ने लोगों से सतर्क रहने और भालुओं के नजदीक नहीं जाने की अपील की है। माइंस क्षेत्र में भालुओं की लगातार आवाजाही से कर्मचारियों में चिंता बनी हुई है।

तीन दिन पहले मंदिर में घुसा था भालू

यह पहली बार नहीं है जब इलाके में भालू दिखा हो। इससे पहले शनिवार देर रात ग्राम भालूकोन्हा के शिव मंदिर परिसर में भी एक भालू घूमता नजर आया था। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी पूरी हलचल कैद हुई थी। रविवार को उसे जंगल की ओर लौटते देखा गया।

भालू दिखे तो क्या करें?

  • भालू के पास जाने या उसका वीडियो बनाने की कोशिश न करें।
  • अकेले जंगल या सुनसान इलाके में सुबह-शाम जाने से बचें।
  • भालू दिखने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
  • खाने-पीने का कचरा खुले में न फेंकें, इससे जंगली जानवर आकर्षित होते हैं।

बढ़ रहा मानव-वन्यजीव संघर्ष

दल्ली राजहरा क्षेत्र घने जंगलों से घिरा है। भोजन की तलाश में जंगली जानवरों का आबादी और औद्योगिक क्षेत्रों की ओर आना बढ़ रहा है, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ये भी पढ़ें: बालोद की और खबरें | वन्यजीव समाचार

Related Articles

Back to top button