Shreyas Iyer Century:T20 में श्रेयस अय्यर का ‘विराट’ रूप: कप्तानी पारी में ठोका शतक, भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से चटाई धूल, मैच में बने 6 बड़े रिकॉर्ड

Shreyas Iyer Century: भारत और वेस्टइंडीज (IND vs WI) के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की ऐतिहासिक और तूफानी शतकीय पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है।
इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मैच में कप्तान श्रेयस का शतक, मयंक यादव की गेंदबाजी और हेटमायर का अजीबोगरीब रनआउट चर्चा का विषय रहा। इसके साथ ही इस मुकाबले में कई अहम रिकॉर्ड्स (Cricket Records) भी बने।
भारत Vs वेस्टइंडीज 1st T20 में बने 6 बड़े रिकॉर्ड्स(Shreyas Iyer Century)
1. 2024 के बाद किसी भारतीय कप्तान का पहला T20 शतक
श्रेयस अय्यर बतौर टी-20 कप्तान भारत के लिए शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। टी-20 फॉर्मेट में पूरे 2 साल बाद किसी भारतीय कप्तान ने शतक जमाया है। श्रेयस से पहले आखिरी बार रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने साल 2024 में यह कारनामा किया था।
2. रनचेज में शतक का सूखा 4 साल बाद खत्म
श्रेयस अय्यर ने दूसरी पारी (रनचेज) में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 102 रन बनाए। वह रनचेज में शतक लगाने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। भारत के लिए रनचेज में शतक लगाने का सूखा 4 साल बाद खत्म हुआ है। इससे पहले सूर्यकुमार यादव ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ रनचेज में शतक जड़ा था। (रनचेज में सबसे ज्यादा 2 शतक केएल राहुल के नाम हैं)।
3. नमन धीर का ड्रीम डेब्यू, अक्षर-प्रज्ञान की बराबरी
अपने डेब्यू टी-20 मैच में युवा गेंदबाज नमन धीर (Naman Dhir) ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में मात्र 31 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाए। वह डेब्यू टी-20 में 3 विकेट लेने वाले भारत के तीसरे स्पिनर बन गए हैं। इससे पहले प्रज्ञान ओझा और अक्षर पटेल यह खास उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
4. अक्षर पटेल का ‘विकेट मेडन’ धमाका
अक्षर पटेल (Axar Patel) ने लखनऊ में शानदार गेंदबाजी करते हुए छठे ओवर में बिना कोई रन दिए रोवमेन पावेल का विकेट झटका। टी-20 पावरप्ले में उन्होंने चौथी बार विकेट मेडन ओवर डाला है। (टी-20 पावरप्ले में सबसे ज्यादा 6 बार विकेट मेडन ओवर डालने का भारतीय रिकॉर्ड भुवनेश्वर कुमार के नाम है)।
5. हेटमायर के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer) इस मैच में सातवीं बार टी-20 इंटरनेशनल में रनआउट हुए। इसी के साथ वह टी-20 में सबसे ज्यादा बार रनआउट होने वाले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आंद्रे फ्लेचर (6 बार) का रिकॉर्ड तोड़ा।
6. डेथ ओवर्स के ‘किंग’ बने रदरफोर्ड
शेरफेन रदरफोर्ड ने साल 2026 में टी-20 क्रिकेट के 16वें से 20वें ओवर (डेथ ओवर्स) के दौरान अब तक कुल 616 रन बनाए हैं। डेथ ओवर्स में रन बनाने के मामले में वह इस साल पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के दसुन शनाका 598 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
मैच के टर्निंग पॉइंट्स और रोमांचक पल
मयंक यादव की खराब शुरुआत: तेज गेंदबाज मयंक यादव (Mayank Yadav) का पहला ओवर काफी महंगा साबित हुआ। विंडीज बल्लेबाज शाई होप ने उनके पहले ओवर में जमकर प्रहार करते हुए कुल 4 शानदार चौके जड़ दिए।
हेटमायर का अजीबोगरीब रनआउट (Run Out): पहली पारी के 6वें ओवर में शिमरोन हेटमायर बेहद अजीब तरीके से रनआउट हुए। अक्षर के हाथ से गेंद डिफ्लेक्ट होकर कवर की ओर गई, जहां मुस्तैद श्रेयस अय्यर ने गेंद कलेक्ट कर संजू सैमसन की ओर थ्रो किया और सैमसन ने गिल्लियां बिखेर दीं। रिप्ले में साफ दिखा कि हेटमायर ने डाइव लगाकर क्रीज में पहुंचने की कोशिश की थी, लेकिन डाइव के दौरान उनका बल्ला और हैंडल हवा में ही रह गया। थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया, जिससे हेटमायर काफी नाराज नजर आए।






