Chhattisgarh Railway Updates:79वें निरंकारी संत समागम जाने वालों के लिए रेलवे की बड़ी सौगात, भोड़वाल माजरी स्टेशन पर रुकेंगी छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ये ट्रेनें

Chhattisgarh Railway Updates:79वें वार्षिक अंतरराष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में शामिल होने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए रेलवे प्रशासन ने एक राहत भरी खबर दी है। यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए उत्तर रेलवे (दिल्ली मंडल) ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) से होकर गुजरने वाली दो जोड़ी अहम ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।
इस फैसले से छत्तीसगढ़ और विशाखापट्टनम की तरफ से जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सीधे समागम स्थल के करीब उतरने की सुविधा मिलेगी।
10 दिन पहले लागू हुई सुविधा खास बात यह है कि भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का फैसला पहले 30 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक के लिए लिया गया था। लेकिन, श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस फैसले को 10 दिन पहले ही लागू कर दिया है। अब यह सुविधा 20 सितंबर 2026 से ही प्रभावी हो गई है। इन सभी ट्रेनों को स्टेशन पर 2 मिनट का स्टॉपेज दिया जाएगा।
इन ट्रेनों का होगा ठहराव, देखें पूरा शेड्यूल:
- विशाखापटनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस (20807): 20 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक यह ट्रेन दोपहर 15:48 बजे भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 15:50 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
- अमृतसर-विशाखापटनम हीराकुंड एक्सप्रेस (20808): वापसी में यह गाड़ी सुबह 05:56 बजे भोड़वाल माजरी पहुंचेगी और 05:58 बजे अपने गंतव्य की ओर रवाना होगी।
- दुर्ग-शहीद कप्तान तुषार महाजन ऊधमपुर एक्सप्रेस (20847): छत्तीसगढ़ से सीधे जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अहम यह ट्रेन सुबह 08:41 बजे भोड़वाल माजरी स्टेशन पहुंचेगी और 08:43 बजे खुलेगी।
- शहीद कप्तान तुषार महाजन ऊधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस (20848): वापसी के दौरान यह गाड़ी सुबह 09:35 बजे स्टेशन पर आएगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 09:37 बजे रवाना हो जाएगी।
रेलवे प्रशासन के इस अहम कदम से समागम में जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा न सिर्फ आरामदायक होगी, बल्कि उनके समय की भी काफी बचत होगी। यात्री अपनी जरूरत के हिसाब से इन ट्रेनों में टिकट बुक कर अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।






