CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 25 से ज्यादा जिलों में चेतावनी जारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। (CG Weather Update) मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में अगले 7 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। राजधानी रायपुर समेत मैदानी और वनांचल इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।
बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बारिश मुंगेली जिले के लोरमी में 14 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जनकपुर और कबीरधाम के कुकदूर में 13-13 सेंटीमीटर पानी गिरा। तखतपुर और लालपुर में 8-8 सेंटीमीटर, कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेंटीमीटर बारिश हुई है।
25 से ज्यादा जिलों में यलो अलर्ट जारी, CG Weather Update
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने प्रदेश के 25 से अधिक जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के दायरे में बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
ज़रूरी बात…CG Weather Update
- छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा, उत्तर और मध्य भाग में भारी बारिश के आसार।
- मौसम विभाग ने 25 से ज्यादा जिलों में आकाशीय बिजली और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया।
- बीते 24 घंटों में लोरमी में सर्वाधिक 14 सेमी और जनकपुर व कुकदूर में 13-13 सेमी बारिश दर्ज।
- इस सीजन में राज्य में सामान्य से 6% कम बारिश हुई है, जिसकी भरपाई इस सिस्टम से होने की उम्मीद।
- धान की फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद है, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की चेतावनी।
बारिश की कमी पूरी होने की उम्मीद
राज्य में इस मानसूनी सीजन में अब तक सामान्य से लगभग 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। (CG Weather Update) मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य भारत के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के प्रभाव से यह मानसूनी सिस्टम मजबूत हुआ है। आने वाले एक सप्ताह की सक्रियता से बारिश के इस घाटे की भरपाई होने की पूरी संभावना है।
लगातार हो रही बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। धान समेत खरीफ फसलों को इस समय पानी की सख्त जरूरत थी। हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी आगाह किया है कि जिन इलाकों में लगातार भारी बारिश होगी, वहां निचले खेतों और बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कुछ रपटों और पुलियों पर आवागमन प्रभावित हो सकता है।
शहरों का तापमान और रायपुर का मौसम
बारिश के बाद भी कुछ मैदानी इलाकों में हल्की उमस बनी हुई है। (CG Weather Update) आंकड़ों के मुताबिक, जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, राजनांदगांव में 30.5 डिग्री और रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। (CG Weather Update) शहर में अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।






