Chhattisgarh News
CG Weather Update: केरल पहुंचा मानसून, छत्तीसगढ़ में 15 जून के बाद होगी एंट्री, प्री-मानसून की गतिविधियां तेज

रायपुर। भीषण गर्मी से राहत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) गुरुवार को केरल के रास्ते देश में प्रवेश करने जा रहा है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में भी प्री-मानसून (Pre-Monsoon) की गतिविधियां तेज होने और मौसम में बदलाव के आसार बन गए हैं। हालांकि, अपनी सामान्य तिथि से 3 दिन की देरी से चल रहे मानसून की छत्तीसगढ़ में एंट्री 15 जून के बाद ही होने की संभावना है।
मानसून की चाल और छत्तीसगढ़ में इसका रूट
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की चाल थोड़ी धीमी है।
- बस्तर से शुरुआत: सामान्य तौर पर राज्य में मानसून का आगमन सबसे पहले बस्तर (Bastar) के रास्ते होता है।
- रायपुर और सरगुजा संभाग: बस्तर में दस्तक देने के बाद मानसून को रायपुर और मध्य छत्तीसगढ़ तक पहुंचने में चार से पांच दिन लगते हैं। इसके बाद अगले चार-पांच दिनों में यह अंबिकापुर (उत्तरी छत्तीसगढ़) पहुंचता है।
- नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से सबसे पहले बस्तर इलाके में बारिश की गतिविधि में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून पूरे प्रदेश में पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा।
तापमान 40 से 42 डिग्री पर अटका, उमस से परेशानी
पिछले चौबीस घंटों में राज्य के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है।
- विभिन्न मौसमी सिस्टम के प्रभाव से आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। इस वजह से बुधवार को राज्य का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और राजधानी रायपुर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर अटका रहा।
- हवा में नमी बढ़ने के कारण लोगों को उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
- वर्तमान में उत्तर-पश्चिम की गर्म हवाओं (लू) का प्रवेश बंद हो गया है और दिन-रात का तापमान सामान्य से कुछ नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छींटे पड़ने की संभावना जताई है।



