IPL 2026 Final: RCB vs GT के बीच खिताबी महामुकाबला आज, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रचेगा इतिहास

IPL 2026 Final RCB vs GT:अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का खिताबी मुकाबला आज, 31 मई को अहमदाबाद के प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच होने वाले इस फाइनल मैच का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली बेंगलुरु की टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी, वहीं शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस अपने घरेलू मैदान का फायदा उठाते हुए दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाना चाहेगी।
बेंगलुरु का पलड़ा भारी, फॉर्म में हैं खिलाड़ी
क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रनों के बड़े अंतर से हराने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हौसले बुलंद हैं। बेंगलुरु की टीम शानदार लय में खेल रही है। विराट कोहली, कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडीक्कल और वेंकटेश अय्यर जैसे बल्लेबाजों ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक प्रदर्शन किया है। क्वालीफायर-1 में टीम ने 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। वहीं गेंदबाजी में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रासिख सलाम और क्रुणाल पंड्या लगातार विकेट निकाल कर टीम को मजबूत स्थिति में ला रहे हैं।
गुजरात की उम्मीदें गिल और रबाडा पर टिकीं
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 215 रनों का लक्ष्य हासिल कर शानदार वापसी की है। गुजरात की बल्लेबाजी मुख्य रूप से टॉप ऑर्डर पर निर्भर है। कप्तान शुभमन गिल (722 रन), साई सुदर्शन (710 रन) और जोस बटलर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और रन बनाने का मुख्य जिम्मा इन्हीं पर होगा। गेंदबाजी की बात करें तो कगिसो रबाडा (28 विकेट) और राशिद खान पर टीम को विकेट दिलाने की जिम्मेदारी होगी। कगिसो रबाडा इस समय पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।
बारिश का साया और रिजर्व डे का नियम
अहमदाबाद के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार फाइनल के दिन बारिश की संभावना काफी कम है और आसमान साफ रहने की उम्मीद है। फिर भी, एहतियात के तौर पर सोमवार को ‘रिजर्व डे’ रखा गया है। यदि दोनों दिन लगातार बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता है और कोई नतीजा नहीं निकलता, तो लीग स्टेज में बेहतर स्थिति और पॉइंट्स टेबल में ऊपर रहने के कारण रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को विजेता (चैंपियन) घोषित कर दिया जाएगा। मैच का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।



