Chhattisgarh NewsSports
Sachin Tendulkar in Bastar: सचिन पहुंचे दंतेवाड़ा, 50 मैदान बनाने का किया ऐलान; खराब मौसम से CM साय का दौरा रद्द

क्रिकेट के दिग्गज और ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर आज (22 अप्रैल) अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग पहुंच गए हैं। वे एक निजी विमान से जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां स्थानीय प्रशासन द्वारा उनका भव्य और पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके बाद सचिन दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार गांव पहुंचे। सचिन का यह दौरा नक्सल प्रभावित रहे बस्तर इलाके में खेल और युवाओं के विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
50 खेल मैदान बनेंगे, 5000 बच्चों को मिलेगा फायदा
जगदलपुर पहुंचने के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत करते हुए सचिन तेंदुलकर ने अपनी खुशी जाहिर की।
- सचिन ने कहा कि उनका ‘सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन’ और ‘मानदेशी फाउंडेशन’ मिलकर बस्तर इलाके में 50 नए खेल मैदान तैयार करने में मदद करेगा।
- इन मैदानों के बनने से बस्तर के करीब 5000 स्थानीय और आदिवासी बच्चों को सीधा फायदा मिलेगा।
- सचिन छिंदनार गांव में ऐसे ही एक सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान का उद्घाटन करेंगे।
- इन मैदानों में बच्चे केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे स्थानीय और राष्ट्रीय खेलों में भी आगे बढ़ सकेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि सचिन छिंदनार में बच्चों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह भी बढ़ाएंगे।
खराब मौसम से CM साय का दौरा रद्द, कई कार्यक्रम कैंसिल
इस दौरे को लेकर एक बड़ा अपडेट यह भी है कि खराब मौसम और कुछ अन्य प्रशासनिक कारणों के चलते छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बस्तर दौरा ऐन वक्त पर टल गया है।
- पहले तय कार्यक्रम के अनुसार, सीएम साय को भी सचिन के साथ इन उद्घाटन कार्यक्रमों में शामिल होना था।
- इसके अलावा, समय की भारी कमी के कारण सचिन के कुछ अन्य कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
- अब गीदम के पनेड़ा स्टेडियम का उद्घाटन और जावंगा ऑडिटोरियम में होने वाले कार्यक्रम के रद्द होने की पूरी संभावना है।
- अब सचिन का पूरा फोकस केवल छिंदनार के बच्चों से मुलाकात और वहां के खेल मैदान के उद्घाटन पर ही रहेगा।



