
तिरुमाला/जनदखल। Tirupati Gold Donation की चर्चा पूरे देश में हो रही है। चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर के तिरुपति बालाजी मंदिर को 121 किलो सोने के आभूषण भेंट किए हैं। दान में 238.2 कैरेट के हीरे भी शामिल हैं। गुरुवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में ये आभूषण तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को सौंपे गए।
कितनी है कीमत
वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने यह दान दिया है। सोने के आभूषणों की कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि सोने और हीरे के कुल आभूषणों की कीमत करीब 208 करोड़ रुपये आंकी गई है। सूत्रों के मुताबिक किसी एक श्रद्धालु की ओर से भगवान वेंकटेश्वर को दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा दान है।
Tirupati Gold Donation: 9 सेट में 46 गहने
दान में 9 सेट में कुल 46 आभूषण हैं। इनमें भगवान वेंकटेश्वर का मुकुट, पैरों के आभूषण, सोने के बाघ नख, चेन और कई रत्नजड़ित गहने शामिल हैं। इनमें से 106 किलो सोना भगवान वेंकटेश्वर के लिए है, जबकि 15 किलो के आभूषण और पोशाक देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को भेंट किए गए हैं।
कौन हैं वर्धमान जैन
वर्धमान जैन चेन्नई के जाने-माने कारोबारी हैं। वे हेल्थकेयर रेवेन्यू मैनेजमेंट कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक और वाइस चेयरमैन हैं और एशिया इंजीनियरिंग के निदेशक भी हैं। वे कांची कामकोटि चाइल्ड्स ट्रस्ट हॉस्पिटल के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं, जो जरूरतमंद बच्चों का इलाज करता है। उन्होंने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्नातक और अमेरिका के टेक्सास से मास्टर डिग्री ली है।
2025 में की थी घोषणा
बताया जाता है कि 2025 में वर्धमान जैन ने एक्सेस हेल्थकेयर की 70 फीसदी हिस्सेदारी एक अमेरिकी कंपनी को करीब 2 अरब डॉलर में बेची थी। इस सौदे के बाद ही उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर को 200 करोड़ रुपये से ज्यादा के सोने के आभूषण दान करने की घोषणा की थी, जो अब पूरी हुई है।
मंदिर से जुड़ी आधिकारिक जानकारी TTD की वेबसाइट पर मिलती है। धर्म की खबरें और देश की खबरें जनदखल पर पढ़ें।






