Domanlal Korsevada Death:अहिवारा से BJP विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन: सामने आया भावुक करने वाला आखिरी वीडियो, CM साय आज देंगे अंतिम विदाई

Domanlal Korsevada Death: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा (Ahiwara) विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 30 अक्टूबर को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और हैदराबाद के एक अस्पताल में उनका इलाज जारी था, जहां उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश और भाजपा संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है।
आज पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में होगा अंतिम संस्कार, पहुंचेंगे CM साय(Domanlal Korsevada Death)
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का अंतिम संस्कार आज (31 अक्टूबर) दोपहर 2 बजे उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) दिवंगत विधायक को अंतिम विदाई और श्रद्धांजलि देने के लिए दोपहर 1:40 बजे ग्राम भेण्ड्रा पहुंचेंगे और करीब 3:30 बजे तक शोकसंतप्त परिजनों के बीच मौजूद रहेंगे।
निधन से पहले का आखिरी वीडियो: “दुआओं की जगह बद्दुआ मांग रहे कुछ लोग…”
निधन से ठीक पहले विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का एक बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इस अस्पताल के वीडियो में उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए और अपनी जनता पर भरोसा जताते हुए कहा:
“कुछ लोग मेरे लिए दुआओं की जगह बद्दुआ मांग रहे हैं। लेकिन वो मेरे से ज्यादा बीमार पड़ा हुआ व्यक्ति है, मैं नाम नहीं लेना चाहता। मुझे जनता की ओर से जो प्यार मिला है, उनकी दुआ से मैं अपने विधानसभा क्षेत्र में वापस आ जाऊंगा। मेरी जनता काफी अच्छी है।”
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
बीते दिन विधायक के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, “अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा जी के निधन की सूचना से स्तब्ध हूं। सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा उनकी विशेष पहचान रही। क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने वाले श्री कोर्सेवाड़ा जी का जाना हम सभी के लिए गहरी पीड़ा का विषय है।”






