Entertainment

Shobhaa De on Ranveer Singh: शोभा डे ने ‘डॉन 3’ विवाद को बताया साजिश, कहा- ‘रणवीर सिंह बॉलीवुड के दिल्ली जिमखाना हैं’

Shobhaa De on Ranveer Singh:मुंबई। मशहूर लेखिका और क्रिटिक शोभा डे ने ‘डॉन 3’ विवाद में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का खुलकर समर्थन किया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) द्वारा रणवीर पर लगाए गए बैन को शोभा डे ने एक बड़ी साजिश करार दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया है कि यह केवल रणवीर सिंह के खिलाफ नहीं, बल्कि उनकी हालिया ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ और उसके निर्देशक आदित्य धर के खिलाफ भी रची गई एक ‘भद्दी साजिश’ (Ugly Conspiracy) है।

शोभा डे ने इस विवाद की तुलना दिल्ली जिमखाना क्लब के मौजूदा विवाद से की है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि रणवीर सिंह बॉलीवुड के दिल्ली जिमखाना की तरह हैं। शोभा डे के अनुसार, यह पूरा विवाद असल में सत्ता, नियंत्रण, पाबंदी लगाने और लोगों को उनकी ‘औकात’ दिखाने के बारे में है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति या संस्था अपने विशेषाधिकार का फायदा उठाकर किसी को सबक सिखाने की कोशिश कर रही है। शोभा ने फिल्म संस्था की भूमिका पर भी तीखे सवाल उठाए और पूछा कि अचानक इन्हें इतनी अहमियत कैसे मिल गई कि वे भारत के सबसे कामयाब सुपरस्टार को काम करने और स्टूडियो जाने से रोकने का एकतरफा फैसला ले रहे हैं।

इसके अलावा, शोभा डे ने रणवीर सिंह की सूझबूझ और चुप्पी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रणवीर एक बहुत ही समझदार और होशियार इंसान हैं, जिन्होंने इस विवाद पर चुप्पी साधकर अपने ब्रांड की वैल्यू को और भी बढ़ा लिया है। शोभा डे का मानना है कि रणवीर की यह खामोशी उनके फैंस को उनके समर्थन में आगे आने का पूरा मौका दे रही है। आपको बता दें कि रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक किनारा कर लिया था, जिसके बाद मेकर्स ने पैंतालीस करोड़ रुपये के प्री-प्रोडक्शन नुकसान का दावा करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी और इसी के चलते रणवीर पर असहयोग का निर्देश यानी बैन लगा दिया गया है।

Related Articles

Back to top button