Chhattisgarh Monsoon Session: कल से विधानसभा का मानसून सत्र, 1033 सवालों से घिरेगी सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र (Chhattisgarh Monsoon Session) कल 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। पंचम विधानसभा के इस सत्र में कुल 5 बैठकें होंगी। विधानसभा सचिवालय के अनुसार सत्र के लिए विधायकों की ओर से अब तक 1033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं। सत्र से ठीक एक दिन पहले आज 12 जुलाई की शाम 5 बजे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में उनके शांति नगर स्थित निवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें सरकार को घेरने की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक में बनेगी रणनीति, Chhattisgarh Monsoon Session
बैठक में कांग्रेस विधायक किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और प्रशासनिक अनियमितताओं जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। खरीफ सीजन के बीच खाद और बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और धान खरीदी की तैयारियों को लेकर भी विपक्ष सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।
नकटी से मंगलसूत्र तक, ये मुद्दे गूंजेंगे सदन में
इस बार मानसून सत्र (Chhattisgarh Monsoon Session) में नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का मुद्दा प्रमुखता से उठने की संभावना है। इसके साथ ही मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नवविवाहिताओं को चांदी की जगह गिलट के मंगलसूत्र दिए जाने का मामला भी सदन में गूंजेगा। कांग्रेस विधायक संदीप साहू और बालेश्वर साहू ने इस मामले को उठाने की तैयारी की है। सड़कों की स्थिति और मानसून के दौरान जलभराव जैसी व्यवस्थाओं पर भी सरकार से सवाल होंगे।
5 दिन में 5 बैठकें, ऐसा रहेगा सत्र का कार्यक्रम
विधानसभा सचिवालय के अनुसार सत्र के पहले 4 दिनों में प्रश्नोत्तर काल के साथ शासकीय कार्य होंगे। अंतिम दिन 17 जुलाई को प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्यों के अलावा अंतिम ढाई घंटे अशासकीय कार्य यानी निजी संकल्प और विधेयक लिए जाएंगे। सत्र के दौरान वित्तीय कार्यों समेत कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी संपादित होंगे।
सत्ता पक्ष भी तैयारी में जुटा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत दोनों विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस पहुंचकर मुलाकात कर चुके हैं। सरकार का कहना है कि विपक्ष के हर सवाल का जवाब तथ्यों के साथ दिया जाएगा। सत्ता पक्ष अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को भी सदन में प्रमुखता से रखने की रणनीति पर काम कर रहा है।
आगे क्या होगा
कल 13 जुलाई की सुबह से मानसून सत्र (Chhattisgarh Monsoon Session) की कार्यवाही शुरू होगी। प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं।






