CG Weather Alert: भारी बारिश से छत्तीसगढ़ बेहाल, रायपुर में जलभराव और हादसों ने बढ़ाई चिंता

छत्तीसगढ़ में बने गहरे अवदाब के कारण मानसून ने पूरे प्रदेश में अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है।(CG Weather Alert) बीते तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जहां एक ओर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं राजधानी रायपुर में नगर निगम के दावों की भी पूरी तरह पोल खोल कर रख दी है। इसके अलावा, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से उफनती नदियों और नालों में बहने से कई दुखद हादसों की खबरें भी सामने आई हैं। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को भी रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कई जिलों में अति भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
रायपुर में जल निकासी सिस्टम फेल, पानी भरने के बाद जागा निगम, CG Weather Alert
मंगलवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने रायपुर को मानो एक तालाब में तब्दील कर दिया है। नगर निगम जो मानसून से पहले ड्रेनेज सुधार के बड़े-बड़े दावे कर रहा था, उसकी हकीकत पहली तेज बारिश में ही सामने आ गई। (CG Weather Alert) प्रोफेसर कालोनी, पुरानी बस्ती, कुशालपुर और रामनगर-कोटा जैसे इलाकों में लोग घरों में पानी घुसने से रातभर जूझते रहे। देवपुरी से लालपुर फ्रूट मार्केट मुख्य मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा।
हैरानी की बात यह रही कि नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम तब जागी, जब लोगों के घरों में पानी भर चुका था।
स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि हर साल नाला सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन स्थिति जस की तस रहती है। जनता अब जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है।
बारिश बनी काल: उफनते नदी-नालों ने ली कई जानें
प्रदेश के अन्य जिलों में भारी बारिश जानलेवा साबित हो रही है। (CG Weather Alert) अलग-अलग स्थानों पर तेज बहाव की चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो चुकी है:
- सारंगढ़-बिलाईगढ़: लात नाले में रविवार को कार सहित बहे पंजाब के दंपती का शव बुधवार को पंजाब से आए गोताखोरों की मदद से बरामद किया गया।
- गरियाबंद: पांडुका थाना क्षेत्र में उफनती नदी में बहने से 55 वर्षीय थनवार राम यादव की डूबने से मौत हो गई।
- सूरजपुर: ओड़गी क्षेत्र में ढेकी नदी के तेज बहाव में एक 10 वर्षीय किशोर बह गया।
- सक्ती: तेज जल धारा में बहे एक युवक का शव 14 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने बरामद किया।
31 जुलाई से मिलेगी राहत, जानिए कहां हुई कितनी बारिश
मौसम विभाग (CG Weather Alert) के अनुसार, 31 जुलाई से प्रदेश भर में मानसून की तीव्रता में कमी आने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बस्तर संभाग और रायपुर में जमकर बदरा बरसे हैं। बड़े बचेली में सबसे अधिक 190 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, रायपुर में 150 मिमी, महासमुंद के कोमाखान में 140 मिमी, और बीजापुर व ओड़गी में 120-130 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भारी बारिश के कारण धमतरी जिले के कई गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से कट गया है। (CG Weather Alert) कांकेर में नहर की लाइनिंग ध्वस्त हो गई है, जबकि जगदलपुर में नारंगी नदी का जलस्तर बढ़ने से यातायात रोकना पड़ा है।






