CG Census 2027: मकान सूचीकरण में 60% काम पूरा, GPM ने रचा इतिहास, रायपुर-भिलाई जैसे बड़े शहर फिसड्डी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। राज्य के सभी जिलों और नगर निगमों में मकान सूचीकरण ब्लॉकों (HLB) के गठन और सत्यापन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। हाल ही में जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अब तक 60.73% कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। डिजिटल टेक्नोलॉजी की मदद से कुल 48,742 ब्लॉकों में से 29,602 ब्लॉकों का कार्य पूरा हो चुका है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने रचा इतिहास
राज्य स्तर पर आदिवासी बहुल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। जीपीएम ने अपने सभी 528 मकान सूचीकरण ब्लॉकों का कार्य 100% पूरा कर लिया है और राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इसके अलावा जशपुर (99.87%), मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (99.84%), बेमेतरा (97.8%) और मुंगेली (96.52%) जिलों में भी काम पूरा होने की कगार पर है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई, सुस्त शहरों पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जीपीएम जिला प्रशासन और प्रदेश भर के प्रगणकों को इस सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना के आंकड़ों से ही छत्तीसगढ़ के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की नींव रखी जाएगी। वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ने बड़े शहरों और नगर निगमों के सुस्त प्रदर्शन पर कड़ी चिंता जताई है और अधिकारियों को मैदानी मॉनिटरिंग बढ़ाकर गति तेज करने के निर्देश दिए हैं।
बड़े शहरों का प्रदर्शन निराशाजनक
एक तरफ जहां ग्रामीण जिलों ने बेहतरीन काम किया है, वहीं रायपुर और भिलाई जैसे बड़े शहरों की रफ्तार बेहद सुस्त है। रायगढ़ नगर निगम में महज 4.65%, भिलाई नगर में 7.84% और रिसाली में 8.33% कार्य ही संपन्न हुआ है। राजधानी रायपुर में भी कुल 1,964 ब्लॉकों में से केवल 203 ब्लॉक (10.34%) का काम ही पूरा हो पाया है। बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए विशेष नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।



