AI Jobs Impact: 20% तक नौकरियों पर खतरा, IBM चेयरमैन की चेतावनी

नई दिल्ली: AI Jobs Impact को लेकर दुनिया की बड़ी टेक कंपनी IBM के चेयरमैन और CEO अरविंद कृष्ण ने अहम बात कही है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल से अगले दशक में 10 से 20 प्रतिशत नौकरियां खत्म हो सकती हैं। इसका सबसे ज्यादा असर BPO यानी बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग क्षेत्र पर पड़ने की आशंका है।
धीरे-धीरे दिखेगा असर
कृष्ण ने कहा कि AI का रोजगार पर असर धीरे-धीरे सामने आएगा। सरकारों और कंपनियों को कर्मचारियों को कामकाज के बदलते तरीके के लिए तैयार करना होगा। उन्होंने बताया कि IBM में लिखे जा रहे करीब आधे सॉफ्टवेयर कोड AI की मदद से बन रहे हैं। इससे प्रोग्रामर की भूमिका खत्म नहीं होगी, बल्कि बदलेगी। भविष्य में प्रोग्रामर खुद कोड लिखने के बजाय AI को निर्देश देंगे।
AI Jobs Impact: भारत में बढ़ रही भर्तियां
IBM ने पिछले एक साल में भारत में 5,000 से 10,000 लोगों को रोजगार दिया है। कंपनी चिप डिजाइन, सॉफ्टवेयर विकास, टेस्टिंग और AI जैसे क्षेत्रों में भर्तियां बढ़ा रही है। IBM भारत में हर साल करीब 3 अरब डॉलर खर्च और निवेश कर रही है और कोच्चि, गिफ्ट सिटी, लखनऊ और विशाखापत्तनम में अपना विस्तार कर चुकी है।
GDP में 500 अरब डॉलर का योगदान
कृष्ण के मुताबिक AI इस दशक के अंत तक भारत की GDP में करीब 500 अरब डॉलर का योगदान कर सकती है। उन्होंने सलाह दी कि भारत को बड़े भाषा मॉडल बनाने के बजाय उद्योगों और सरकारी कामकाज में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। IBM के शोध के अनुसार भारत के 90 प्रतिशत से ज्यादा उद्यम AI की संभावना समझते हैं, लेकिन 75 प्रतिशत से ज्यादा ने इसमें बहुत कम प्रगति की है।
अमरावती में क्वांटम कंप्यूटर
IBM अगले 5 साल में दुनियाभर में क्वांटम कंप्यूटिंग में करीब 10 अरब डॉलर निवेश करेगी। आंध्र प्रदेश सरकार और TCS के साथ मिलकर अमरावती में क्वांटम कंप्यूटर लगाया जा रहा है, जिसके 2027 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।
AI से जुड़ी सरकारी पहल की जानकारी IndiaAI पोर्टल पर मिलती है। AI की खबरें और टेक की खबरें जनदखल पर पढ़ें।






