Dharamlal Kaushik Mobile Snatched: विधायक का मोबाइल लूटने वाला 10 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस ने खंगाले 150 से ज्यादा कैमरे

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक (Dharamlal Kaushik) का मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के तुरंत बाद पुलिस महकमे ने पूरी ताकत झोंक दी और 10 घंटे के भीतर ही गुढ़ियारी इलाके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड के बाद प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है।
आरोपी को पकड़ने के लिए लगा पुलिस का भारी-भरकम अमला
वीआईपी इलाके में हुई इस लूट ने पुलिस के पसीने छुड़ा दिए थे। घटना के तुरंत बाद रायपुर पुलिस ने एक विशाल टीम का गठन किया।
- टीम में कौन-कौन था शामिल: इस ऑपरेशन में 2 DCP, 2 ADCP, 3 ACP और 3 टीआई (TI) समेत क्राइम ब्रांच के 30 जवानों को लगाया गया था।
- सीसीटीवी और गिरफ्तारी: पुलिस ने शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर लगे 150 से अधिक आईटीएमएस (ITMS) कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी तकनीकी जांच के आधार पर शाम होते-होते गुढ़ियारी के चूना भट्टी इलाके से आरोपी को धर दबोचा गया।
- कौन है आरोपी: पकड़े गए आरोपी की पहचान मणिचंद्र ध्रुव के रूप में हुई है, जो सिंघानिया बिल्डर में चौकीदारी का काम करता है।
कैसे हुई थी वारदात?
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शंकर नगर इलाके में यह घटना घटी। सोमवार सुबह करीब 8 बजे धरमलाल कौशिक भारत माता चौक के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने उनके हाथ से मोबाइल झपटा और तेजी से फरार हो गए।
भूपेश बघेल ने कसा तंज- “चोर हो गए 9-2-11”
अमित शाह के दौरे और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हुई इस लूट पर राजनीति भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर करारा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की एक तस्वीर साझा की, जिसमें सीएम ‘डायल-112’ के 400 वाहनों को हरी झंडी दिखा रहे थे। बघेल ने तंज कसते हुए लिखा- “आप ‘डायल 112’ को हरी झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छीनकर चोर ‘9-2-11’ हो गए हैं।”



