
पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद भड़की राजनीतिक हिंसा में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या कर दी गई है। इस घटना से पूरा बंगाल सदमे में है। खुलेआम हुए इस कत्ल के बाद पूरे देश में आक्रोश का माहौल है, लेकिन इस बीच चंद्रनाथ की मां हासिरानी रथ का जो बयान सामने आया है, उसने हर किसी को भावुक कर दिया है।
‘मैं एक मां हूं, हत्यारों को फांसी नहीं चाहती’
बेटे की मौत पर फूट-फूटकर रोते हुए मां हासिरानी रथ ने ममता और दर्द से भरी एक ऐसी बात कही जिसने सबको झकझोर दिया है। उन्होंने कहा, “मैं चाहती हूं कि दोषियों को सजा मिले, लेकिन मैं एक मां हूं इसलिए मैं नहीं चाहती कि उन्हें फांसी हो।” उन्होंने आगे कहा कि वह अपने बेटे के हत्यारों के लिए आजीवन कारावास की सजा चाहती हैं।
टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप
हासिरानी रथ ने इस जघन्य हत्याकांड के लिए सीधे तौर पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि बीजेपी सत्ता में आई। हमारे नेता बार-बार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रहे हैं, लेकिन सत्ताधारी पार्टी के लोग लगातार भड़काऊ टिप्पणियां कर रहे थे। उन्होंने ही मेरे बेटे को मारा है।”
उन्होंने टीएमसी नेताओं की धमकियों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव से पहले धमकियां दी जा रही थीं। मां ने रोते हुए कहा, “अगर मेरे बेटे की मौत किसी दुर्घटना में हुई होती, तो मुझे इतना दुख नहीं होता। जिस तरह से बदमाशों ने मेरे बेटे को तड़पा-तड़पा कर मारा है, ये सब तृणमूल की रची हुई साजिश है।”
सुवेंदु की जीत के बाद से ही मिल रही थीं धमकियां
चंद्रनाथ रथ के परिवार का दावा है कि जब से भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया है, तब से ही उनके परिवार को लगातार धमकियों और खतरों का सामना करना पड़ रहा था। चुनाव नतीजों के 48 घंटे के भीतर ही बंगाल में जिस तरह से हिंसा का यह खूनी खेल खेला गया है, उसने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है, लेकिन परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है।



