NationalOther

लापता बहू को ढूंढने निकले थे, हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत


यूपी। अंडबेकरनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। कार ट्रक में फंसकर करीब 50 मीटर से अधिक दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे की सूचना से गांव में कोहराम मच गया।

बेलघाट के रामपुर गोसाई गांव निवासी विनय यादव अपने भाई विजय यादव और पूरे परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। विनय की पत्नी दिल्ली से ही लापता हो गई है। इसी सिलसिले में पूरा परिवार कार से गांव लौट रहा था। कार में बच्चे और बड़े मिलाकर सात लोग सवार थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 161.4 पर अंबेडकरनगर के बेवाना थाना क्षेत्र के रसूलपुर दियरा गांव के पास हुए हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 50 साल के विजय यादव, 60 साल की लक्ष्मी देवी तथा विनय के छह वर्षीय बेटे वीर की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं कार चला रहे विनय, अंश और गुनगुन सहित चार घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल अकबरपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मृतकों और घायलों के परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल और अस्पताल में पहुंचे। गांव में कोहराम मचा है।

Related Articles

Back to top button