ExclusiveNational

शशि थरूर मारने वाले है पलटी! सियासी गलियारे में चर्चा तेज


दिल्ली। क्या कांग्रेस सांसद शशि थरूर पार्टी आलाकमान से नाराज हैं? सियासी गलियारे में इसकी बहुत चर्चा हो रही है. इस बीच शशि थरूर ने मंगलवार को सोनिया गांधी के आवास पर हुई पार्टी की हाई-लेवल मीटिंग में हिस्सा नहीं लिया. उन्होंने इसके पीछे पहले से तय यात्रा कार्यक्रम का हवाला दिया, क्योंकि वे बजट सत्र से पहले दुबई से लौट रहे थे.

पिछले चार दिनों में यह दूसरी बार था, जब शशि थरूर कांग्रेस की बड़ी बैठक में नदारद रहे. इससे पहले वे केरल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं हुए थे. शशि थरूर 2009 से तिरुवनंतपुरम सीट से कांग्रेस के लोकसभा सांसद हैं. राजधानी दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में थरूर ने सीपीएम की ओर झुकाव को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों पर टिप्पणी करने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि बैठक में उनकी अनुपस्थिति को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. वे संसद सत्र के दौरान किसी भी मुद्दे को सीधे कांग्रेस नेतृत्व के सामने रखेंगे. शशि थरूर ने कहा, ‘बजट सेशन में जो भी मुद्दे मुझे उठाने हैं, मैं उन्हें सीधे पार्टी नेतृत्व के सामने रखूंगा. इसमें कोई संदेह नहीं है कि मुझे यह अवसर मिलेगा, खासकर तब जब संसद सत्र के दौरान सभी एक साथ होंगे’.

बैठक में शामिल नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘मीटिंग का निमंत्रण मुझे बहुत देर से मिला था, जिससे मैं अपनी यात्रा योजना में बदलाव नहीं कर सका. मुझे रणनीतिक बैठक का निमंत्रण सिर्फ एक-दो दिन पहले मिला था. तब तक मैं दुबई से लौटने की अपनी उड़ान पहले ही बुक कर चुका था. मैं मंगलवार देर रात दिल्ली पहुंचने वाला था’. कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, शशि थरूर ने अपनी यात्रा कार्यक्रम के कारण मीटिंग में शामिल न हो पाने की जानकारी पार्टी को पहले ही दे दी थी. इस मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी के अलावा वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, जयराम रमेश, प्रमोद तिवारी और मनीष तिवारी शामिल हुए. शशि थरूर ने दुबई यात्रा के दौरान सीपीएम से जुड़े कुछ लोगों से मुलाकात का जिक्र जरूर किया, लेकिन इस पर कोई खास टिप्पणी नहीं की. सीपीएम ने भी ऐसी किसी भी बातचीत के दावों को अटकलें बताते हुए खारिज कर दिया.

Related Articles

Back to top button