Entertainment

Drishyam 3 Movie Review:दृश्यम 3 मूवी रिव्यू: 2 अक्टूबर का खेल खत्म, अब खुलेगा 23 जुलाई का राज! अजय और जयदीप की टक्कर करेगी हैरान

Drishyam 3 Movie Review:2 अक्टूबर का सच दृश्यम के हर फैन को पता है। पाव भाजी, सत्संग, फिल्म और फिर विजय सलगांवकर का वो मास्टरमाइंड खेल, जिसने पुलिस को सालों तक उलझाए रखा। लेकिन इस बार कहानी सिर्फ 2 अक्टूबर पर नहीं रुकी है। दृश्यम द कॉन्क्लूजन में अब 1 और तारीख सामने आई है- 23 जुलाई। आखिर उस दिन विजय कहां था? क्या हुआ था? और क्या इस 1 तारीख के जरिए पुलिस विजय की बनाई पूरी कहानी को पलट सकती है? यहीं से फिल्म अपना असली थ्रिलर खेल शुरू करती है।

कहानी: 23 जुलाई के राज में छिपा है नया ट्विस्ट(Drishyam 3 Movie Review)

सलगांवकर परिवार अपनी पुरानी जिंदगी में लौटने की 1 और कोशिश कर रहा है, लेकिन सैम देशमुख की मौत का दर्द मीरा देशमुख के अंदर अब भी जिंदा है। केस दोबारा खुलता है और एंट्री होती है नए पुलिस अधीक्षक राजवीर सिंह तोमर की। राजवीर पुराने सबूतों को नए नजरिए से देखता है और विजय सलगांवकर फिर से पुलिस के रडार पर आ जाता है। अब सवाल सिर्फ 2 अक्टूबर का नहीं है, बल्कि यह है कि 23 जुलाई को विजय कहां था? वकील इंद्रजीत शेट्टी भी इस खेल में उतरते हैं, जबकि इंस्पेक्टर गायतोंडे अपने पुराने अंदाज में केस को थोड़ा हल्का रखते हैं। इसके बाद शुरू होती है विजय और राजवीर की वह दिमागी टक्कर, जो दर्शकों को कुर्सी से बांधे रखती है।

एक्टिंग: अजय देवगन और जयदीप अहलावत का आमना-सामना

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत अजय देवगन और जयदीप अहलावत की स्क्रीन प्रेजेंस और उनकी टक्कर है। अजय देवगन का विजय किरदार अब और भी शांत और गहरा हो गया है। उनके चेहरे पर ज्यादा हलचल नहीं है, लेकिन उनकी आंखें बहुत कुछ कह जाती हैं। दूसरी तरफ राजवीर के रूप में जयदीप अहलावत का अंदाज बेहद शांत लेकिन खतरनाक है। वह धीरे-धीरे विजय के करीब आते हैं और यही उनका सबसे बड़ा हथियार है।

प्रकाश राज अपने डायलॉग्स और शानदार अभिनय से कोर्टरूम सीन्स को बेहद मजबूत बनाते हैं। तब्बू और रजत कपूर अपने बेटे को खोने का दर्द लेकर लौटे हैं और उनकी बेचैनी स्क्रीन पर साफ महसूस होती है। श्रेया सरन को इस बार स्क्रीन स्पेस थोड़ा कम मिला है, लेकिन उनके इमोशनल सीन असर छोड़ते हैं। सीरियस कहानी के बीच गायतोंडे का किरदार 2 अक्टूबर के मीम्स और पाव भाजी के जोक्स के साथ फिल्म का तनाव हल्का करने का बेहतरीन काम करता है।

डायरेक्शन और स्क्रीनप्ले: लगातार खड़े होते नए सवाल

निर्देशक अभिषेक पाठक की सबसे अच्छी बात यह है कि उन्होंने पार्ट 3 को पहले 2 हिस्सों की नकल नहीं बनाया है। कहानी में 23 जुलाई वाली कड़ी सबसे दिलचस्प है। फिल्म बिना समय बर्बाद किए सीधे कहानी में उतर जाती है।

स्क्रीनप्ले की खूबी यह है कि यह जवाब देने के बजाय लगातार नए सवाल खड़े करता है। इंटरवल के आसपास फिल्म की पकड़ बेहद मजबूत हो जाती है। हालांकि, फिल्म की 1 कमजोरी यह है कि पहले 2 हिस्सों में विजय और उसके परिवार के बीच जो इमोशनल बॉन्डिंग थी, वह इस बार थोड़ी कम लगती है। पूरा फोकस सिर्फ इस बात पर है कि विजय की अगली चाल क्या होगी। कुछ जगह कहानी को आगे बढ़ाने के लिए 1 आसान रास्ता चुना गया है, जिससे विजय की योजनाएं जरूरत से ज्यादा आसान लगने लगती हैं।

तकनीकी पक्ष और म्यूजिक: बैकग्राउंड स्कोर है असली जान

गोवा इस बार भी कहानी का अहम हिस्सा है और कैमरे का काम सस्पेंस वाला माहौल बनाए रखता है। फिल्म की एडिटिंग तेज है और 2.5 घंटे की होने के बावजूद यह बेवजह लंबी नहीं लगती।

म्यूजिक की बात करें तो कहानी पर गानों का बोझ नहीं डाला गया है। अमर मोहिले का बैकग्राउंड म्यूजिक फिल्म की बहुत बड़ी ताकत है। जैसे-जैसे विजय की 1 के बाद 1 योजनाएं सामने आती हैं, संगीत का रोमांच बढ़ता जाता है। कई सीन्स में दर्शकों को पहले से पता होता है कि कुछ होने वाला है, फिर भी बैकग्राउंड स्कोर बेचैनी को चरम पर पहुंचा देता है।

फाइनल वर्डिक्ट

दृश्यम द कॉन्क्लूजन में कई शानदार और रोमांचक पल हैं। अजय देवगन और जयदीप अहलावत की दिमागी टक्कर इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी है। गायतोंडे तनाव के बीच राहत देते हैं और बैकग्राउंड संगीत माहौल को रहस्यमयी बनाए रखता है। हालांकि बीच में रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ती है और कुछ मोड़ आसानी से सुलझते हुए दिखते हैं, लेकिन 23 जुलाई का सवाल और विजय के दिमाग में चल रहा खेल इतना मजबूत है कि आखिरी 1 मिनट तक आपकी नजरें स्क्रीन से हट नहीं पाएंगी।

Related Articles

Back to top button