Chhattisgarh News

CRPF जवान और उनकी पत्नी गिरफ्तार, बर्बरता का शिकार बच्ची वेंटिलेटर में भर्ती


सूरजपुर। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप में एक जवान और उसकी पत्नी द्वारा 10 साल की बच्ची से बर्बरता करने का मामला सामने आया है। सेक्टर ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर सोमवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सूरजपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात सूबेदार मेजर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 235वीं बटालियन में तैनात आरक्षी तारीक अनवर और उनकी पत्नी रिम्पा खातून उर्फ रिया खातून ने रिश्तेदार की 10 वर्षीय बच्ची को अपने आवास पर रखा। बच्ची से घरेलू कार्य कराए जाते थे और बच्चों की देखभाल भी कराई जाती। छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।

बच्ची अब वेंटिलेटर पर भर्ती है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उसकी कई पसलियां और दांत टूटे हुए थे। नाखून उखड़े और शरीर पर चोट के कई निशान मिले। बताया गया है कि सीआरपीएफ के जवान और उसकी पत्नी ने एक सप्ताह पहले मासूम बच्ची को बुरी तरह पीटा था। दंपती ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी थी। बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद मेडिकल रिपोर्ट से बर्बरता का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जवान तारीक अनवर और उसकी पत्नी रिया खातून ने 15 जनवरी को बच्ची को पहली बार एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, वहां डॉक्टरों ने उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें देखकर मामला संदिग्ध पाया और एमएलसी तैयार कर पुलिस को सूचना दी। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची के शरीर पर चोटों के कई नए-पुराने निशान मौजूद थे, जो लंबे समय से हो रहे अत्याचार की ओर इशारा करते हैं। बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी। इसके चलते आरोपी कॉन्स्टेबल आर्थिक कारणों का हवाला देकर उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर अपने साथ ले गया। हालांकि, बच्ची की हालत और बिगड़ने पर उसे नोएडा के सेक्टर-128 स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह इस समय वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रिया की बहन का उसके पति से तलाक हो गया। बहन की पांच बेटियां हैं। सभी बंगाल में रहती हैं। आरोपी रिया की बहन की मानसिक स्थिति सही नहीं रहती है। आर्थिक तंगी के कारण रिश्तेदारों ने रिया खातून से 10 वर्षीय बच्ची को साथ रखने के लिए कहा था। रिया 40 दिन पहले बच्ची को बंगाल से सीआरपीएफ आवासीय परिसर में लाई थी।

Related Articles

Back to top button