CG Waqf Board Nikah Rules: छत्तीसगढ़ में निकाह की नई व्यवस्था, अंतरधार्मिक निकाह के लिए अनुमति अनिवार्य

CG News (रायपुर): छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड प्रदेश में निकाह की प्रक्रिया को व्यवस्थित और रिकॉर्ड आधारित बनाने की तैयारी में है। नई CG Waqf Board Nikah Rules के तहत अगर कोई मुस्लिम युवक या युवती किसी गैर मुस्लिम से निकाह करना चाहता है, तो पहले वक्फ बोर्ड से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही प्रदेशभर में निकाह पढ़ाने वाले मौलानाओं का पंजीयन भी किया जाएगा। बोर्ड की योजना इस व्यवस्था को अगस्त 2026 से लागू करने की है।
केवल पंजीकृत मौलाना ही करा सकेंगे निकाह
नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश में निकाह कराने वाले सभी मौलानाओं का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। केवल पंजीकृत मौलाना ही वैध रूप से निकाह संपन्न करा सकेंगे। निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना निकाह कराने की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।
CG Waqf Board Nikah Rules में दस्तावेजों की विस्तृत जांच
वक्फ बोर्ड के मुताबिक अंतरधार्मिक निकाह के हर मामले में दोनों पक्षों की सहमति, पहचान और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। जहां कानून के तहत धर्म परिवर्तन से जुड़ी औपचारिकताएं जरूरी होंगी, वहां उनका पालन भी सुनिश्चित कराया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही निकाह की अनुमति दी जाएगी।
हर निकाह का डिजिटल रिकॉर्ड रहेगा बोर्ड के पास
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रदेश में होने वाले सभी निकाह का डिजिटल और दस्तावेजी रिकॉर्ड वक्फ बोर्ड के पास सुरक्षित रखा जाएगा। निकाह के बाद जारी होने वाला प्रमाणपत्र भी बोर्ड की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मिलेगा। पूरे प्रदेश में निकाहनामा का एक समान प्रारूप लागू करने की तैयारी है, ताकि दस्तावेजों से जुड़े विवादों और फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके।
वक्फ बोर्ड ने बताई नई व्यवस्था की वजह
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज का कहना है कि वर्तमान में कई स्थानों पर बिना किसी केंद्रीय रिकॉर्ड के निकाह कराए जाते हैं। इसके कारण बाद में वैवाहिक स्थिति, पहचान और सरकारी दस्तावेजों से जुड़े विवाद सामने आते हैं। उनका कहना है कि नई व्यवस्था से सरकारी दस्तावेज बनवाने की प्रक्रिया आसान होगी और हर निकाह का प्रमाणित रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।
आदिवासी क्षेत्रों की शिकायतों के बाद लिया गया फैसला
बोर्ड के अनुसार आदिवासी इलाकों से महिलाओं को बहला फुसलाकर विवाह करने और संपत्ति विवाद से जुड़े कुछ मामलों की शिकायतें मिली थीं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया है। CG Waqf Board Nikah Rules लागू होने के बाद हर निकाह का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे किसी भी विवाद की स्थिति में जांच करना आसान होगा।






