Love And War Release Date: 2027 में रिलीज होगी संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’, रणबीर-आलिया और विक्की का दिखेगा लव ट्रायंगल

संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल स्टारर इस पीरियड रोमांटिक ड्रामा की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। यह फिल्म अब 21 जनवरी 2027 को गणतंत्र दिवस के लंबे वीकेंड पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
गणतंत्र दिवस वीकेंड पर होगी भव्य रिलीज
मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘लव एंड वॉर’ की नई रिलीज डेट पर मुहर लगा दी है। पहले इस फिल्म को 2026 में रिलीज करने की योजना थी। भंसाली प्रोडक्शंस के अनुसार, यह भव्य फिल्म केवल हिंदी में ही नहीं, बल्कि तमिल और तेलुगु भाषा में भी पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज की जाएगी।
फिल्म की रिलीज में देरी के 2 मुख्य कारण
लव एंड वॉर की रिलीज को 2027 तक टालने के पीछे 2 मुख्य कारण बताए जा रहे हैं।
- रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ इस साल के अंत में या अक्टूबर के आसपास रिलीज होने वाली है। ऐसे में क्लैश से बचने और दर्शकों का फोकस न बंटे, इसलिए लव एंड वॉर की डेट को आगे बढ़ाया गया।
- इसके अलावा, संजय लीला भंसाली फिल्म के कुछ महत्वपूर्ण दृश्यों को परफेक्ट बनाने के लिए उन्हें दोबारा शूट कर रहे हैं। इन अतिरिक्त शूट्स की वजह से न सिर्फ समय लग रहा है, बल्कि फिल्म का बजट भी बढ़कर 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित लव ट्रायंगल
यह फिल्म एक लव ट्रायंगल पर आधारित है, जिसकी पृष्ठभूमि में युद्ध (वॉर) को दर्शाया गया है। इसमें दर्शकों को ग्रैंड विजुअल्स, इमोशनल गहराई और हाई-स्टेक्स ड्रामा का शानदार मेल देखने को मिलेगा। इस फिल्म के जरिए रणबीर और आलिया की जोड़ी ‘ब्रह्मास्त्र’ के बाद वापसी कर रही है, वहीं ‘संजू’ फिल्म के बाद रणबीर और विक्की कौशल एक साथ नजर आएंगे। इसके साथ ही आलिया और विक्की कौशल भी ब्लॉकबस्टर ‘राजी’ के बाद फिर से स्क्रीन शेयर कर रहे हैं।



