NationalPolitics

BJP Tamil Nadu Manifesto: बिना ब्याज 50 लाख लोन और फ्री गैस सिलेंडर, जानिए महिलाओं-किसानों के लिए क्या हैं वादे

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणापत्र (BJP Tamil Nadu Manifesto) जारी कर दिया है। दक्षिण भारत में अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिश में जुटी भाजपा इस बार अन्नाद्रमुक (AIADMK) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इस घोषणापत्र में मुख्य रूप से महिलाओं, किसानों और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा फोकस किया गया है।

महिलाओं के लिए खजाना

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने घोषणापत्र जारी करते हुए कई बड़े ऐलान किए। अगर तमिलनाडु में एआईएडीएमके (AIADMK) के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आती है, तो महिलाओं को कई आर्थिक लाभ दिए जाएंगे:

  • घर की महिला मुखिया को हर महीने दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
  • इसके अलावा हर परिवार को एक बार में दस हजार रुपये की राशि मिलेगी।
  • उज्ज्वला योजना की तर्ज पर हर साल तीन मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर दिए जाएंगे।
  • पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए पच्चीस हजार रुपये की वित्तीय मदद दी जाएगी।

ब्याज मुक्त लोन और किसानों के लिए ऐलान

लघु उद्योगों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भाजपा ने बड़े वादे किए हैं:

  • महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियों और छोटे उद्योगों (MSME) को पचास लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा।
  • विनिर्माण इकाइयों (Manufacturing Units) के लिए यह अनिवार्य होगा कि वे अपनी कुल खरीदारी का बीस प्रतिशत हिस्सा इन महिला समितियों से ही लें।
  • वहीं किसानों की आय बढ़ाने के लिए ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ के तहत मिलने वाले छह हजार रुपये में तीन हजार रुपये अलग से जोड़े जाएंगे। इस तरह हर किसान को साल में कुल नौ हजार रुपये मिलेंगे।

अपराधों पर लगाम लगाने के लिए जीरो FIR

राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भी कई वादे किए गए हैं।

  • अपराधों को रोकने के लिए ‘जीरो एफआईआर’ (Zero FIR) रिपोर्टिंग शुरू की जाएगी और गवाहों की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम होगा।
  • यौन अपराधों सहित गंभीर मामलों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट-ट्रैक अदालतें बनाई जाएंगी।
  • महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बसों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों में पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और निर्भया फंड का सही इस्तेमाल किया जाएगा।

भ्रष्टाचार को लेकर पीएम मोदी का प्रहार

घोषणापत्र जारी होने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की वर्तमान द्रमुक (DMK) सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि द्रमुक सरकार ने भ्रष्टाचार को व्यवस्था का एक अभिन्न अंग बना दिया है। हर विभाग में अनियमितताएं हैं और भ्रष्टाचार, कमीशन तथा रिश्वतखोरी ही द्रमुक सरकार की पहचान बन गई है। बता दें कि तमिलनाडु में एक चरण में तेईस अप्रैल को मतदान होना है।

Related Articles

Back to top button