Chhattisgarh News

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान से की मुलाकात


Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज अपने निवास पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आत्मीय स्वागत करते हुए उनसे सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से कृषक कल्याण और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। डॉ. रमन सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के किसानों की स्थिति, कृषि क्षेत्र में नवाचार, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, फसल विविधीकरण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। केंद्र सरकार द्वारा संचालित कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी दोनों नेताओं ने अपने विचार साझा किए।

चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ में केंद्र की योजनाओं के बेहतर समन्वय, किसानों की आय बढ़ाने के उपाय, आत्मनिर्भर कृषि मॉडल और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं राज्य के किसानों और ग्रामीण जनता के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही हैं और आने वाले समय में इनके सकारात्मक परिणाम और अधिक दिखाई देंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने छत्तीसगढ़ में कृषि एवं ग्रामीण विकास की संभावनाओं की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में किसान कल्याण को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए केंद्र की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। यह सौजन्य भेंट सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें राज्य और केंद्र के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से विकास को नई दिशा देने पर सहमति बनी।

Related Articles

Back to top button