CG Vyapam Assistant Teacher Recruitment: छत्तीसगढ़ में 2292 सहायक शिक्षकों की बंपर भर्ती, जानें पद और सिलेबस

छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का एक बेहतरीन मौका सामने आया है. (CG Vyapam Assistant Teacher Recruitment) राज्य के सरकारी स्कूलों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापमं (CG Vyapam) के माध्यम से लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती 1 बड़ी राहत लेकर आई है.
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 2292 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इसमें ई-संवर्ग के लिए 795 पद स्वीकृत किए गए हैं, जबकि टी-संवर्ग के लिए 1497 पदों को शामिल किया गया है. राज्य के आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से टी-संवर्ग के तहत सर्वाधिक पद रखे गए हैं.
जिलों के हिसाब से पदों का बंटवारा, CG Vyapam Assistant Teacher Recruitment
स्कूल शिक्षा विभाग ने जिलों के अनुसार पदों का विभाजन किया है. टी-संवर्ग में सबसे ज्यादा 150 पद जशपुर जिले में रखे गए हैं. इसके अलावा बस्तर जिले में 125 पद, रायगढ़ में 120 पद और बीजापुर जिले में 105 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी.
सबसे कम पदों की बात करें तो दंतेवाड़ा और सूरजपुर जिले में केवल 50-50 पद स्वीकृत हैं. महासमुंद जिले में ई-संवर्ग के 65 पद हैं. बालोद जिले में कुल 70 पद तय किए गए हैं, जबकि गरियाबंद जिले में टी-संवर्ग के 97 पद शामिल हैं. ई-संवर्ग के तहत रायपुर, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम और जांजगीर-चांपा में पद दिए गए हैं. मुंगेली जिले में 70-70 पद हैं, जबकि दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा और बिलासपुर जिले में सर्वाधिक 80-80 पद स्वीकृत हैं. वहीं कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया और कोरबा जिले में औसतन 100-100 पद रखे गए हैं.
पात्रता, आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता
CG Vyapam की इस भर्ती में शामिल होने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है. अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग और महिला आवेदकों को शासन के नियमानुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी.
शैक्षणिक योग्यता के रूप में अभ्यर्थी को न्यूनतम 45% से 50% अंकों के साथ 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है. इसके साथ ही प्रारंभिक शिक्षा शास्त्र में 2 वर्षीय डिप्लोमा (D.El.Ed.) या 4 वर्षीय B.El.Ed. होना जरूरी है. इसके अलावा अभ्यर्थी का प्राथमिक स्तर का शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है.
100 अंकों का परीक्षा पैटर्न और सिलेबस
भर्ती परीक्षा में कुल 100 अंकों का 1 प्रश्नपत्र पूछा जाएगा. इसमें विभिन्न विषयों का अंक विभाजन इस प्रकार है:
- बाल विकास एवं शिक्षा शास्त्र: 15 अंक
- हिंदी भाषा: 15 अंक
- अंग्रेजी भाषा: 10 अंक
- गणित: 15 अंक
- पर्यावरण अध्ययन: 10 अंक
- सामान्य मानसिक योग्यता (Reasoning): 15 अंक
- सामान्य ज्ञान (GK): 15 अंक
- कंप्यूटर शिक्षा: 5 अंक
चयन प्रक्रिया और वेतनमान
अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा. अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति 3 वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर होगी. सहायक शिक्षक (अराजपत्रित तृतीय श्रेणी) पद के लिए वेतन मैट्रिक्स लेवल-06 निर्धारित किया गया है.






