National

Delhi Police Action: संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को गाली देने वालों की खैर नहीं, पुलिस ने ‘X’ से मांगी पूरी डिटेल

Delhi Police Action: संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों पर दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) को ऐसे सभी कंटेंट को डिलीट करने का सख्त निर्देश दिया है। इसके साथ ही, अपमानजनक पोस्ट करने वाले यूजर्स का नाम, पता और पूरी डिटेल भी मांगी गई है ताकि उन पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

खबर की मुख्य बातें (Highlights)

  • दिल्ली पुलिस का एक्शन: ‘X’ को लेटर लिखकर विवादित पोस्ट और वीडियो तुरंत डिलीट करने को कहा।
  • यूजर्स की मांगी डिटेल: गाली-गलौज करने वाले अकाउंट होल्डर का नाम, पता, फोन नंबर और ईमेल आईडी तलब।
  • CJP प्रदर्शन से जुड़ा मामला: हाल ही में हुए छात्र आंदोलन में पीएम मोदी के खिलाफ जमकर हुई थी अभद्र बयानबाजी।
  • माफी मांगने का दौर: पुलिस की सख्ती के बाद गाली देने वाले कई यूजर्स और मेकअप आर्टिस्ट जानमोनी दास ने मांगी माफी।

1 शिकायत के बाद ‘X’ से मांगी गई पूरी डिटेल

1 शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ (X) को लेटर लिखा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संवैधानिक प्रमुखों के खिलाफ अपमानजनक, भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री को तेजी से प्रसारित किया जा रहा है, जिसे तुरंत हटाया जाए। इसके अलावा, पुलिस ने इन सामग्रियों को पोस्ट करने वाले अकाउंट होल्डर्स का पूरा नाम, पता, फोन नंबर और ईमेल आईडी बताने को कहा है। पुलिस ने यह भी पूछा है कि यूजर कहां से लॉग-इन और लॉग-आउट कर रहे हैं।

जांच के लिए डेटा सुरक्षित रखने का निर्देश

दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ से कहा है कि यदि इन अकाउंट्स के संबंध में कोई अन्य जानकारी हो जो जांच में मददगार साबित हो सकती है, तो वह भी पुलिस को दी जाए। इसके अलावा, कथित पोस्ट और वीडियो के ब्योरे को भविष्य की जांच के लिए सुरक्षित (Preserve) रखने का निर्देश दिया गया है।

CJP आंदोलन के दौरान हुई थी गाली-गलौज

दिल्ली पुलिस का यह कदम ऐसे समय पर सामने आया है, जब हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले हुए छात्र आंदोलन के दौरान कई प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य संवैधानिक शख्सियतों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। खुद को ‘जेन जी’ (Gen Z) बताने वाले कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर भी ऐसे कंटेंट पोस्ट किए थे जिनमें गालियों और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था।

विवाद के बाद कई लोगों ने मांगी माफी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान कैमरों के सामने गालियां देने वाले कई लोगों ने आंदोलन खत्म होने के बाद अब सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। इनमें प्रसिद्ध ट्रांसजेंडर मेकअप आर्टिस्ट और रियलिटी शो का हिस्सा रह चुकी जानमोनी दास भी शामिल हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके माता-पिता को लेकर की गई अपनी हालिया आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए सोशल मीडिया पर सार्वजनिक माफी मांगी है।

Related Articles

Back to top button