National

BBL 2026 Opening Match India: इतिहास में पहली बार भारत में होगा किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच; चेन्नई में BBL ओपनिंग, PM मोदी का बड़ा ऐलान

Sports News (Melbourne): क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत पहली बार किसी विदेशी क्रिकेट लीग के आधिकारिक मैच की मेजबानी करने जा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया की मशहूर बिग बैश लीग (BBL-16) का ओपनिंग मैच (BBL 2026 Opening Match India) 12 दिसंबर को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम में खेला जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के तीसरे दिन यह ऐतिहासिक ऐलान किया।

खबर की मुख्य बातें (Highlights)

  • ऐतिहासिक मेजबानी: भारत पहली बार विदेशी क्रिकेट लीग का मैच होस्ट करेगा।
  • मैच का शेड्यूल: 12 दिसंबर 2026 को दोपहर 2:40 बजे (IST) मैच खेला जाएगा।
  • टीमें: मुकाबला मेलबर्न रेनेगेड्स (होस्ट टीम) और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होगा।
  • लाइव प्रसारण: भारत में इस मैच का सीधा प्रसारण जियोस्टार (JioStar) पर किया जाएगा।

MCG से पीएम मोदी ने किया ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 10 जुलाई को ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ प्रतिष्ठित मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचे। इस खास मौके पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व महिला क्रिकेटर लीसा स्टाल्कर भी उनके साथ मौजूद थे।

पीएम मोदी के इस ऐतिहासिक ऐलान के तुरंत बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) ने भी 2026-27 सीजन का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया, जिसके तहत BBL-16 का ओपनिंग मैच चेन्नई में तय किया गया है।

BBL के इतिहास में पहली बार घर से बाहर मैच

यह बिग बैश लीग के इतिहास में पहली बार है, जब कोई मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर (ओवरसीज) खेला जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) इसे दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार (भारत) में अपनी पहुंच बढ़ाने और लीग को वैश्विक (Global) पहचान दिलाने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम मान रहा है।

5 अधिकारियों ने IPL के दौरान किया था चेपॉक का दौरा

भारत में BBL आयोजित करने की तैयारी कई महीनों से चल रही थी। IPL 2026 के दौरान ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गुपचुप तरीके से चेपॉक स्टेडियम का दौरा किया था।

क्या-क्या जांची गई थी सुविधाएं?

  • स्टेडियम की पिच और मैदान की स्थिति।
  • खिलाड़ियों के लिए लॉजिस्टिक्स (Logistics)।
  • मैदान और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था (Security)।

इस दौरे पर CA के अधिकारियों ने BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के अधिकारियों के साथ बैठक कर चेन्नई में मैच कराने की योजना को अंतिम रूप दिया था।

भारत में पहले भी हो चुके हैं विदेशी लीग के मैच

यह पहला मौका नहीं है जब भारत में किसी विदेशी स्पोर्ट्स लीग के मैच हो रहे हैं, हालांकि ‘क्रिकेट’ में यह पहली बार है। इससे पहले भारतीय मैदान NBA, इंग्लिश प्रीमियर लीग और ला लिगा (La Liga) जैसी बड़ी विदेशी लीग्स के प्रमोशनल मैच होस्ट कर चुके हैं:

  • NBA (2019): अमेरिका की बास्केटबॉल लीग NBA ने 2019 में पहली बार भारत में अपने ऑफिशियल प्री-सीजन मैच खेले थे। मुंबई में सैक्रामेंटो किंग्स और इंडियाना पेसर्स के बीच 2 मैच हुए थे।
  • ला लीगा (2018): 2018 में कोच्चि में स्पेनिश लीग ‘ला-लीगा’ के जिरोना एफसी और ऑस्ट्रेलियाई ए-लीग के मेलबर्न सिटी एफसी ने केरला ब्लास्टर्स के साथ एक प्री-सीजन टूर्नामेंट खेला था।

Related Articles

Back to top button