रायपुर पुलिस का विशेष अभियान, मोडिफाई सायलेंसर लगे 65 बुलेट वाहनों पर कार्रवाई

Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात पुलिस ने शहर में तेज आवाज करने वाले मोडिफाई सायलेंसर लगे बुलेट वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में और सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कुल 65 बुलेट वाहनों को पकड़कर जप्त किया गया।
वाहन चालकों से मोटरयान अधिनियम के तहत 5,000-5,000 रुपये का भारी जुर्माना वसूल किया गया। सभी वाहनों से मोडिफाई सायलेंसर को निकालकर जप्त कर लिया गया और वाहन स्वामियों को तब ही वाहन वापस किए गए, जब उन्होंने मानक सायलेंसर लगवाने की पुष्टि की। पुलिस ने बताया कि कुछ बुलेट वाहन चालक लापरवाही से अवैध रूप से मोडिफाई सायलेंसर लगाकर सड़क पर चलाते हैं। इससे अचानक तेज आवाज होती है, जिससे अन्य वाहन चालक डर जाते हैं और अनियंत्रित होकर सड़क दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। इस तरह के अवैध बदलाव ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं और सड़क सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करते हैं।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि केवल वाहन निर्माता द्वारा प्रदत्त मानक सायलेंसर का ही प्रयोग करें। किसी भी प्रकार का अवैध सायलेंसर लगाना मोटरयान अधिनियम और भारतीय दंड संहिता का उल्लंघन है। ऐसे पाए जाने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने राजधानी रायपुर में संचालित ऑटो पार्ट्स दुकानदारों और बुलेट वाहन विक्रेताओं को भी चेतावनी दी कि वे सड़क पर असुरक्षित सामग्री या अवैध मोडिफाई सायलेंसर का विक्रय न करें। उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ भी
मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य सड़क पर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना है। पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे सड़कों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और मोडिफाई सायलेंसर जैसे अवैध उपकरणों से दूरी बनाए रखें। यातायात पुलिस का यह अभियान राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के लिए निरंतर जारी रहेगा।


