गंज पुलिस का चाकूबाजों पर वार : 24 घंटे में 4 गिरफ्तार
होली के बाद भी जारी सख्त अभियान, डीसीपी सेंट्रल जोन का स्पष्ट संदेश – असामाजिक तत्वों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

JANDAKHAL… रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत डीसीपी सेंट्रल जोन क्षेत्र में होली के बाद भी असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना गंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 06 मार्च 2026 को थाना गंज पुलिस की टीम को अलग-अलग स्थानों से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ युवक धारदार चाकू लेकर आम रास्तों पर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान शुभम दुर्गा (24 वर्ष), शेख शाहिल (26 वर्ष), जॉन उर्फ जतिन महानंद (18 वर्ष) तथा राजेश वर्मा (30 वर्ष) को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू जप्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे थे।
- शुभम दुर्गा (24 वर्ष) निवासी मां काली नगर वाल्टियर लाइन, थाना देवेंद्र नगर को रेलवे स्टेशन गेट नं. 01 के पास से धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया।
- शेख शाहिल (26 वर्ष) निवासी डबरापारा, थाना गंज को चुनाभट्टी क्षेत्र के पास से चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।
- जॉन उर्फ जतिन महानंद (18 वर्ष) निवासी कुंदरापारा बैजनाथ बाजार, थाना सिटी कोतवाली को पारस नगर क्षेत्र में चाकू लहराते हुए पकड़ा गया।
- राजेश वर्मा (30 वर्ष) निवासी ग्राम बोरीखुर्द हाल पंजाबी चाट दुकान, टेगोर नगर को संजय गांधी चौक मशनरी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
उक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना गंज में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है तथा आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
डीसीपी सेंट्रल जोन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले एवं सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



