विकास नहीं, वर्चस्व की लड़ाई! टीवी डिबेट बना अखाड़ा, बिलासपुर के दो विधायकों में खुली जंग

‘दलाली’, वसूली और रेट फिक्सिंग के आरोप… तू-तू मैं-मैं में उड़ी मर्यादाएं, वीडियो वायरल
बिलासपुर। जनता के विकास पर चर्चा के लिए बुलाया गया टीवी डिबेट उस वक्त शर्मनाक तमाशे में बदल गया, जब बिलासपुर जिले के दो दिग्गज विधायक कैमरों के सामने ही एक-दूसरे पर टूट पड़े। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के बीच बहस इतनी उग्र हो गई कि विकास पूरी तरह हाशिए पर चला गया और मंच व्यक्तिगत आरोपों, दलाली और वसूली के संगीन इल्जामों से गूंज उठा।
एक निजी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कांग्रेस शासन पर भू-माफियाओं को खुला संरक्षण देने और अपराधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। इस बयान से बौखलाए कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने पलटवार करते हुए सीधे सुशांत शुक्ला पर जमीन की दलाली का आरोप जड़ दिया। अटल श्रीवास्तव ने तीखे लहजे में कहा
“100 रुपये स्क्वायर फीट का रेट किसने फिक्स किया है, सबको मालूम है।”
इसके बाद बहस पूरी तरह पटरी से उतर गई। अटल श्रीवास्तव ने बिल्डरों से वसूली तक की बात कह दी, वहीं सुशांत शुक्ला ने आरोपों को झूठा बताते हुए मंच से ही चुनौती दे दी कि अगर दम है तो प्रमाण सामने रखें। मर्यादा की दुहाई देते हुए सुशांत ने खुद को “छोटा भाई” बताया, लेकिन अटल श्रीवास्तव ने उन्हें बदतमीजी न करने की सख्त चेतावनी देकर माहौल और गरमा दिया।
डिबेट के दौरान दोनों जनप्रतिनिधि जब एक-दूसरे के चरित्र और कार्यशैली पर उतर आए, तो स्टूडियो में मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। कैमरों के सामने हुई यह सियासी झड़प अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही है।
राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को “विकास के नाम पर वर्चस्व की जंग” बताया जा रहा है। जनता के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि जिन विधायकों को जिले के विकास की जिम्मेदारी दी गई है, वे टीवी स्टूडियो में आपसी हिसाब-किताब चुकाने में क्यों जुटे हैं?


