बस्तर पण्डुम, बस्तर ओलम्पिक, नक्सल उन्मूलन और विकास के आलोक में बस्तर की तकदीर और तस्वीर सँवर रही है- सुश्री लता उसेण्डी
बस्तर में अब भय नहीं, बल्कि 'बस्तर पंडुम' और 'बस्तर ओलंपिक' का उत्सव दिखता है - सुश्री लता उसेण्डी

बस्तर छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है और धरती का स्वर्ग है – सुश्री लता उसेण्डी
बस्तर में अब भय नहीं, बल्कि ‘बस्तर पंडुम’ और ‘बस्तर ओलंपिक’ का उत्सव दिखता है – सुश्री लता उसेण्डी
JANDAKHAL… भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और विधायक लता उसेण्डी ने बस्तर में हो रहे अभूतपूर्व सकारात्मक बदलावों पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा है कि जो बस्तर कभी पिछड़ेपन और नक्सलवाद की पहचान था, आज वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘बस्तर ओलंपिक’ और विकास की नई धारा के लिए पूरे देश में जाना जा रहा है। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि बस्तर पण्डुम, बस्तर ओलम्पिक, नक्सल उन्मूलन और विकास के आलोक में बस्तर की तकदीर और तस्वीर सँवर रही है।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री उसेण्डी ने कहा कि एक समय था जब बस्तर जैसे आकांक्षी जिलों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया था और यहाँ की पोस्टिंग को ‘पनिशमेंट पोस्टिंग’ माना जाता था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस सोच को बदला। आज यहाँ होनहार और युवा अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिन्हें विकास कार्यों के लिए स्वतंत्रता और समय दिया गया है। इसी का परिणाम है कि आज बस्तर के उन गांवों में भी बसें पहुंच रही हैं, जहाँ आजादी के बाद से लोगों ने सिर्फ अभाव देखा था। बस्तर को पर्यटन और संस्कृति का नया गौरव बताते हुए यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता की चर्चा कर सुश्री उसेण्डी ने कहा कि बस्तर छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है और धरती का स्वर्ग है। धुड़मारास गांव को विश्व पर्यटन संस्था द्वारा 20 सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्रामों में चुना जाना हमारे बढ़ते कदम का प्रमाण है। केरल से भी बड़े क्षेत्रफल वाले इस अंचल में अब भय नहीं, बल्कि ‘बस्तर पंडुम’ और ‘बस्तर ओलंपिक’ का उत्सव दिखता है।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री उसेण्डी ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और सुरक्षा बलों के साहस से बस्तर में नक्सलवाद अब अंतिम साँसें गिन रहा है। नक्सलवाद के खात्मे के साथ ही विकास ने वह गति पकड़ी है कि ‘बस्तर ओलंपिक’ में भागीदारी पिछले वर्ष के 1.65 करोड़ से बढ़कर इस वर्ष 3.91 करोड़ तक पहुंच गई है। आगामी आयोजनों की जानकारी देते हुए सुश्री उसेण्डी ने बताया कि आगामी 7 फरवरी को संभागस्तरीय ‘बस्तर पंडुम’ का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगीं। 9 फरवरी को समापन समारोह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। सुश्री उसेंडी ने विश्वास जताया कि विकास की यह लहर बस्तर को जल्द ही देश के सबसे समृद्ध अंचलों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करेगी।



