ExclusiveNational

युवती को वोटर लिस्ट में बताया गया शादीशुदा, SDM ने दिए जांच के निर्देश


यूपी। उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां चल रही हैं। वोटर लिस्ट दुरुस्त की जा रही है। इसे लेकर गांवों में चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इस बीच सुलतानपुर के मोतिगरपुर ब्लॉक क्षेत्र में वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़े का एक ऐसा नमूना सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। शादी से पहले ही पत्नी के रूप में दुल्हन का नाम वोटर लिस्ट में शामिल हो गया है। ऐसे एक नहीं दो मामले सामने लाते हुए शिकायत की गई है। एसडीएम ने शिकायतों को देखने के बाद इसे जघन्य अपराध करार दिया और जांच के आदेश दे दिए हैं।

मामला जयसिंहपुर तहसील के मैरी रंजीत गांव का है। यहां के निवासी उमेश सिंह ने एसडीएम को एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाया है। उमेश ने सबूत के तौर पर शादी का कार्ड पेश करते हुए बताया कि मतदाता सूची की क्रमांक संख्या 1268 (मकान संख्या 154) पर संजना सिंह का नाम पत्नी सचिन सिंह के रूप में अंकित किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि संजना और सचिन की शादी अभी हुई ही नहीं है। शादी के कार्ड के अनुसार, इनका विवाह 5 फरवरी 2026 को होना तय है। यानी शादी से पहले ही सरकारी कागजों में दुल्हन को ससुराल की मतदाता सूची में जगह मिल गई।

शिकायतकर्ता ने केवल एक नहीं, बल्कि ऐसे दो मामलों का खुलासा किया है। सूची की क्रमांक संख्या 918 पर कृतिका सिंह का नाम पत्नी अनुराग सिंह के रूप में दर्ज है, जबकि इनकी शादी भी अभी फरवरी माह में होनी है। इसके अलावा बीएलओ पर आरोप है कि उन्होंने उन युवाओं के नाम भी सूची में जोड़ दिए हैं, जिनकी उम्र 1 जनवरी 2026 को भी 18 वर्ष पूरी नहीं हो रही थी। नियमों को ताक पर रखकर की गई इस मनमानी ने चुनावी पारदर्शिता पर सवालिया निशान लगा दिया है। इस फर्जीवाड़े की शिकायत मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे ‘जघन्य अपराध’ बता दिया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के साथ इस तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने तुरंत जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि बीएलओ या जिस भी कर्मचारी की इसमें संलिप्तता पाई जाएगी, उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button